बूंदी-स्मार्ट हलचल|जिले के पर्यटन विकास को गति देने और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर स्थित आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आर्ट गैलरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आर्ट गैलरी और इसके परिसर का इस प्रकार सौंदर्यीकरण व विकास किया जाए कि यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को विश्व प्रसिद्ध ‘बूंदी चित्रशैली’ के साथ-साथ जिले के अन्य ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी एक ही छत के नीचे मिल सके। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि स्थानीय कला को जीवित रखने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए जल्द ही यहां बूंदी चित्रशैली का विशेष प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा।
आर्ट गैलरी के निरीक्षण के पश्चात जिला कलक्टर ने राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय का भी दौरा किया। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत पाठकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली। साथ ही, पुस्तकालय भवन में करवाए जाने वाले आगामी विकास व मरम्मत कार्यों को लेकर नगर परिषद आयुक्त को कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पाठकों को बेहतर माहौल और सुविधाएं मिल सके।
इस दौरान नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय, पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी और बूंदी ब्रश संस्थान के अध्यक्ष सुनील जांगिड़, सचिव विजय सिंह सोलंकी मौजूद रहें।
–
