पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे और भगोड़ा घोषित हिस्ट्रीशीटर पूरण गुर्जर को शनिवार को कारवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को देखते ही आरोपी खेतों के रास्ते भागने लगा और पत्थरों की दीवारें फांदते समय गिरने से उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, नागा का बाड़िया (करेड़ा) निवासी पूरण गुर्जर के खिलाफ मारपीट, नकबजनी सहित विभिन्न धाराओं में करीब 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे भीलवाड़ा पुलिस ने पहले ही भगोड़ा घोषित कर रखा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसटी, गुलाबपुरा थाना, करेड़ा थाना और सदर थाना सहित चार टीमों का गठन किया गया। मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी देवगढ़-करेड़ा क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के आधार पर करेड़ा थाना क्षेत्र के निम्बाहेडा जाटान गांव में चारों ओर से घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी खेतों की ओर भाग निकला, लेकिन पीछा कर रही टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ माह पहले हमीरगढ़ पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुए कमलेश उर्फ कम्मू गुर्जर को गिरफ्तार किए जाने के दौरान उसके पास से बरामद अवैध पिस्तौल और कारतूस पूरण गुर्जर ने ही उपलब्ध कराए थे। इसी खुलासे के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, हथियार उपलब्ध कराने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन अनुसंधान किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपी द्वारा किसी को धमकाने या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
