शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|विश्व हिंदू परिषद, चित्तौड़ प्रांत की प्रांतीय बैठक फतेहनगर में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी छह माह की कार्ययोजना और नए दायित्वों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान विभिन्न जिलों एवं प्रखंडों में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अजित जोशी ने बताया कि प्रांतीय बैठक प्रत्येक छह माह में आयोजित की जाती है। इसमें संगठन के कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ प्रखंड स्तर तक संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने पर विचार-विमर्श किया जाता है।
बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार शाहपुरा के एडवोकेट विनोद सनाढ्य को विश्व हिंदू परिषद का सह जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं रूपेश सेन (बिगोद) को बजरंग दल जिला संयोजक तथा महावीर खटीक (मांडलगढ़) को सह जिला संयोजक का दायित्व सौंपा गया।
नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सेवा, सुरक्षा और संस्कार आधारित गतिविधियों को गति देने पर भी जोर दिया गया।
प्रांतीय बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।
