भीलवाड़ा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री धीरज गुर्जर का जन्मोत्सव इस वर्ष देशभर में “गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह” के रूप में मनाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) भीलवाड़ा द्वारा सोमवार को सर्किट हाउस में की गई प्रेस वार्ता में बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जन्मोत्सव को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर जन-जागरण का माध्यम बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाए जाने के संकल्प से जुड़ सकें। इस संबंध में प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों, विधानसभा क्षेत्रों एवं ब्लॉक स्तर पर 11 अगस्त से 15 अगस्त तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत 11 अगस्त को ‘गौमाता राष्ट्रमाता संकल्प यज्ञ एवं मांगपत्र कार्यक्रम’ से होगी, जिसके अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर संकल्प यज्ञ आयोजित कर राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर व उपखंड अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके पश्चात 13 अगस्त को गौसेवकों, संत-महात्माओं और गौशाला संचालकों का सम्मान करने के साथ ही तुलसी, नीम व पीपल जैसे पौधों का वितरण किया जाएगा। 14 अगस्त को सावन मास के उपलक्ष्य में शिवालयों में भगवान शिव एवं नंदी महाराज का अभिषेक व पूजन किया जाएगा। समापन अवसर पर 15 अगस्त को भीलवाड़ा में ‘गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प समारोह’ तथा विशाल हस्ताक्षर अभियान आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से जुटे गौभक्त एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे और राष्ट्रपति को हस्ताक्षरित ज्ञापन भेजकर गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग करेंगे।
