अनिल कुमार
ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल|जिले में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर थाना पुलिस ने वर्ष 2020 के एनडीपीएस (NDPS) मामले में 6 साल से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पहचान छिपाकर सूरत (गुजरात) में रह रहा था।
जंगल में गाड़ी छोड़कर हुआ था फरार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 अगस्त 2020 की है। अभियुक्त श्रवण सुथार अपने साथी के साथ चित्तौड़गढ़ से वाहन (नंबर GJ 05 RC 1759) में 140.500 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त भरकर ले जा रहा था। रायपुर थाना पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए माल से भरी गाड़ी को जंगल में छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने मामला (प्रकरण संख्या 188/2020) दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और पूर्व में सह-आरोपी राकेश सुथार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी श्रवण पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
सूरत में छिपा बैठा था आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक रत्न सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया और वृताधिकारी (रायपुर) बंशीलाल पांडर के सुपरविजन में रायपुर थानाधिकारी राजू राम सीरवी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सटीक सूचना और तकनीकी मदद से वांछित अभियुक्त श्रवण पुत्र स्व. श्री बंशीलाल सुथार (उम्र 32 वर्ष, निवासी नागौर, हाल निवासी- कतारगाम, सूरत) को धर दबोचा।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी राजू राम सीरवी (नि.पु.), मुख्य आरक्षी नरेन्द्र कुमार (684), भीखाराम (315) तथा कानिस्टेबल होनाराम (438), सुरेश (444), तोगाराम (616) और मनोज (510) शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थों के नेटवर्क को लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।
