बनास नदी से अवैध बजरी खनन,परिवहन करते एक जेसीबी व दो ट्रॉली मय खनिज बजरी जब्त

विशेष अभियान के तहत पुलिस की दबिश, अवैध बजरी खनन पर कसा शिकंजा

काछोला थाना की अवैध बजरी खनन के विरुद्ध कार्रवाई

काछोला 27 जुलाई, स्मार्ट हलचल|पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत काछोला थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बनास नदी में दबिश देकर एक जेसीबी मशीन एवं खनिज बजरी से भरी दो ट्रॉलियां जब्त की हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा सागर राणा (आईपीएस) के निर्देश तथा अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत कोटड़ी सुरेश डाबरिया के सुपरविजन में यह कार्रवाईकी एएसआई रामेश्वर लाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार को बनास नदी के गंधेरी क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान अवैध बजरी खनन एवं परिवहन करते हुए एक जेसीबी मशीन तथा खनिज बजरी से भरी दो ट्रॉलियां जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान वाहन जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है तथा अवैध खनन में शामिल आरोपियों की पहचान एवं मामले की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में एएसआई रामेश्वर लाल मीणा, हैड कांस्टेबल गोपेश कुमार तथा कांस्टेबल नेतराम एवं जयनारायण शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।