11 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में संकल्प यात्रा, संत सम्मान, शिव-नंदी अभिषेक और भीलवाड़ा में होगा विशाल संकल्प समारोह
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं मेवाड़ के वरिष्ठ नेता धर्मवीर धीरज गुर्जर का जन्मोत्सव इस वर्ष ‘गोमाता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह’ के रूप में मनाया जाएगा। इसकी जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक (जीपी) ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 11 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में संकल्प यात्रा, संत-महात्माओं व गोसेवकों का सम्मान, शिव-नंदी अभिषेक, पौधारोपण और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त को भीलवाड़ा में ‘गोमाता राष्ट्रमाता संकल्प समारोह’ होगा, जिसमें राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से गोभक्त, कांग्रेसजन और समर्थक शामिल होंगे।
खटीक ने बताया कि अभियान के तहत बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल जन्मोत्सव मनाना नहीं, बल्कि गोसंरक्षण, भारतीय संस्कृति और गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए जनजागरण करना है।
