आम रास्ते पर अतिक्रमण से थमा आवागमन, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
खेत, कुएं, तालाब और काल भैरव मंदिर तक जाने का एकमात्र मार्ग बंद होने का आरोप, शिकायतकर्ताओं ने धमकाने की भी जताई आशंका
अलकेश पारीक
जहाज़पुर, स्मार्ट हलचल। ग्राम पंचायत लुहारी कलां के सोराम मास्टर के झूपड़ा के ग्रामीणों ने आम रास्ते पर हुए कथित अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को उपखंड अधिकारी (एसडीएम) जहाजपुर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने मुख्य आम रास्ते पर अवैध रूप से कच्चा कोट (बाड़बंदी) बनाकर रास्ता बंद कर दिया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि यह मार्ग उनके खेतों, कुओं, तालाब तथा अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है। इसी मार्ग पर काल भैरव का धार्मिक स्थल भी स्थित है, जहां दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं पशुपालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति राजनीतिक प्रभाव और धनबल के चलते अतिक्रमण हटाने से बचता रहा है। वहीं, शिकायत करने वाले ग्रामीणों को खुलेआम धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की कि आम रास्ते को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि वर्षों से उपयोग में आ रहा मार्ग पुनः सुचारु हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके। ज्ञापन पर सोराम मास्टर के झूपड़ा के अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी किए गए।
