मौसमी बीमारियों व स्नेक बाइट उपचार पर चिकित्सकों का किया आमुखीकरण
*टीबी मुक्त भारत, हाई रिस्क गर्भावस्था प्रबंधन एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सकों को दिए निर्देश, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आशाओं का हुआ सम्मान*
भीलवाड़ा, 28 जुलाई। स्मार्ट हलचल|मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार मंगलवार को आईएमए हॉल, भीलवाड़ा में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सतत सुधार, समयबद्ध मॉनिटरिंग एवं आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हाई रिस्क क्षेत्रों में अधिक से अधिक संभावित मरीजों की एक्स-रे जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने ग्रामीण क्षेत्रों में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनके हीमोग्लोबिन एवं रक्तचाप (बीपी) की पुनः जांच कर गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
*उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आशाओं का हुआ सम्मान*
इस अवसर पर परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आशा सहयोगिनियों को अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश गुर्जर एवं डॉ. प्रदीप कटारिया ने मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
*मौसमी बीमारियों व स्नेक बाइट उपचार पर चिकित्सकों का किया आमुखीकरण*
बैठक के उपरांत चिकित्सा अधिकारियों के लिए मौसमी बीमारियों एवं स्नेक बाइट के चिकित्सकीय प्रबंधन विषय पर आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में डॉ. दौलत मीणा ने स्नेक बाइट के वैज्ञानिक उपचार एवं आपातकालीन प्रबंधन की जानकारी पीपीटी के माध्यम से विस्तार से दी। प्रो. डॉ. रंजीत मौर्य ने मलेरिया, डेंगू एवं स्क्रब टायफस जैसी मौसमी बीमारियों के उपचार प्रोटोकॉल को समझाया, जबकि डॉ. संजय जैन ने इन बीमारियों की रोकथाम, बचाव एवं प्रभावी प्रबंधन पर चिकित्सकों का मार्गदर्शन किया।
बैठक एवं कार्यशाला में अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर, डीटीओ डॉ. प्रदीप कटारिया,जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण, डॉ. स्वाति मित्तल, जिले के समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी तथा सीएमएचओ कार्यालय के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
