अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व ब्यावर जिले में विशेष श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। अवसर पर जिले के प्रमुख मठों व मंदिरों के चयनित संतों और महंतों को राज्य के मुख्यमंत्री की ओर से सम्मान और ‘गुरु वंदन संदेश’ भेंट किया जाएगा।देवस्थान विभाग, अजमेर के सहायक आयुक्त द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने ब्यावर एवं जैतारण क्षेत्र के प्रमुख संतों के सम्मान के लिए अधिकारियों की नियुक्तियां कर दी हैं। सम्मान सामग्री में शॉल, श्रीफल, मिठाई और मुख्यमंत्री का गुरु वंदन पत्र शामिल है।
29 जुलाई को आश्रमों में पहुँचेंगे अधिकारी और जनप्रतिनिधि
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी स्वयं चिन्हित मठों व मंदिरों में उपस्थित रहेंगे।
ब्यावर तहसील क्षेत्र: यहाँ तहसीलदार मोहर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अकलपुरी धूणी (बागलिया) के श्री 1008 नरेश पुरी महाराज तथा आस पहाड़ की धूणी (ब्यावर) के श्री 1008 महेन्द्रपुरी महाराज को सम्मानित करेंगे।
जैतारण तहसील क्षेत्र: यहाँ की कमान तहसीलदार ओम अमृत को दी गई है। वे कालूराम महाराज की धूणी (बर) के मुरलीदास वैष्णव एवं गोपाल द्वारा (जैतारण) के मुगनिराम दास का बहुमान करेंगे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संत परंपरा के प्रति जन-जन में सम्मान और श्रद्धा का भाव जागृत करना है।
