भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन बुधवार,बारिश के बीच भी भक्तों में उत्साह बरकरार

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|कस्बे के समीप अकलेरा मार्ग स्थित बीलखेड़ा बालाजी धाम में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय भव्य महोत्सव में मंगलवार को बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। हल्की से मध्यम वर्षा के बीच भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में आयोजन स्थल पर पहुंचे और भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सनकादिक रामानंद संत आश्रम के संत परम पूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर अभिराम दास त्यागी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से पाठ में जुटे रहे। रात्रि 8 बजे गुरु आराधना, गुरुदेव की वाणी तथा संगीतमय भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्तगण भक्ति रस में सराबोर होंगे। आयोजन के दूसरे दिन बुधवार को प्रातः हवन, पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ महाआरती होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से गुरु पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।