ब्यावर में ‘RajCop Citizen App’ डाउनलोड कराने के लिए अभियान शुरू

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने और डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जनजीवन ज्योति सेवा संस्था, ब्यावर और राजस्थान पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आमजन, विशेषकर महिलाओं और युवतियों से अपने एंड्रॉइड स्मार्टफ़ोन में ‘RajCop Citizen App’ डाउनलोड करने की अपील की गई है।

संस्था प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा तैयार किया गया यह ऐप महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए बेहद कारगर है।

ऐप के माध्यम से मिलेगी ये प्रमुख सुविधाएं:
आपातकालीन सहायता (SOS): किसी भी विषम स्थिति या संकट के समय महिलाएं तुरंत पुलिस की मदद प्राप्त कर सकती हैं।

FIR की लाइव ट्रैकिंग: ऐप के जरिए दर्ज कराई गई FIR पर अब तक क्या-क्या कार्रवाई हुई है, इसकी पल-पल की जानकारी मिलेगी।

जांच अधिकारी का विवरण: पीड़िता/आवेदक को यह आसानी से पता चल सकेगा कि उनकी शिकायत या FIR का जांच अधिकारी कौन है।

लोकेशन ट्रेसिंग: आपात स्थिति में मदद के लिए पुलिस आपके घर या घटनास्थल तक कहाँ तक पहुँची है, इसकी जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध रहेगी।

जनजीवन ज्योति सेवा संस्था और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र की सभी महिलाओं, माताओं और बहनों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और आज ही अपने मोबाइल में RajCop Citizen App डाउनलोड कर इसके फीचर्स का लाभ उठाएं।