अब श्रमिकों का प्रतिदिन कार्य समय होगा प्रातः 9 से सांय 5 बजे तक।
बूंदी-स्मार्ट हलचल|जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव नें विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत कार्यरत अकुशल श्रमिकों के हित में कार्यस्थल के समय में महत्वपूर्ण संशोधन किया है।उन्होंने बदलते हुए मौसम को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किए हैं। नवीन आदेशों के अनुसार अब योजना के तहत श्रमिकों के लिए कार्य का समय प्रातः 9ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक (विश्राम काल सहित) निर्धारित किया गया है। यह संशोधन तत्काल प्रभाव से पूरे जिले में लागू कर दिया गया है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश देव ने बताया कि यदि कोई श्रमिक समूह निर्धारित समय से पूर्व अपना टास्क (कार्य) पूर्ण कर लेता है, तो वे श्रमिक कार्य की माप मेट के पास उपलब्ध मस्टररोल में अंकित टास्क प्रपत्र में दर्ज करवा सकते हैं। माप अंकित होने और समूह के मुखिया के हस्ताक्षर उपरांत संबंधित श्रमिक समूह कार्यस्थल छोड़ने के लिए स्वतंत्र होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
