गौरव पथ पर गंदगी का साम्राज्य, उपखंड कार्यालय के सामने फैली सड़ांध से लोग परेशान

सड़क किनारे कचरे के ढेर, गंदा पानी और कीचड़ बना परेशानी का कारण; नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के नगर पालिका के दावों की हकीकत उसके ही जिम्मेदारों के सामने उजागर हो रही है। जहाजपुर के सबसे व्यस्त और प्रमुख गौरव पथ पर स्थित उपखंड कार्यालय के ठीक बाहर गंदगी, कीचड़ और कचरे के ढेर आम लोगों के साथ-साथ प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, पंचायत समिति और पुलिस थाना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है।
यह वही मुख्य मार्ग है, जहां से प्रतिदिन उपखंड अधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे जमा कचरा, कीचड़ और नालियों का गंदा पानी खुलेआम बह रहा है। इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब प्रशासनिक कार्यालयों के बाहर ही सफाई व्यवस्था का यह हाल है तो शहर के अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने नगर पालिका से तत्काल सफाई करवाने और नियमित मॉनिटरिंग की मांग की है।