भीलवाड़ा, 30 जुलाई। ग्राम पंचायत ई-मित्र संचालक संघ के बैनर तले गुरुवार को जिले भर के ई-मित्र प्लस ऑपरेटरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला अध्यक्ष प्रभु लाल प्रजापत के नेतृत्व में दिया गया। ऑपरेटरों ने सरकार से मांग की कि सभी ई-मित्र प्लस संचालकों को हर महीने फिक्स मानदेय दिया जाए और उन्हें ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित किया जाए। साथ ही पंचायतों में स्थायी पदों पर समायोजन और परिवारों की सुरक्षा की भी मांग रखी।
जिला अध्यक्ष प्रभु लाल प्रजापत ने कहा कि ई-मित्र प्लस के जरिए सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, लेकिन आज यह योजना ही बंद होने के कगार पर है। अगर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाएं बाधित होंगी। प्रदर्शन में कीर्तिसिंह, महेंद्र मेघवंशी, रामस्वरूप, दौलत कुमार, सांवरमल तेली सहित बड़ी संख्या में ऑपरेटर मौजूद रहे। ऑपरेटरों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
