छोटी काशी में सावन मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट, 24 घंटे मुस्तैद रहेंगी मेडिकल टीमें और एंबुलेंस

लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम, कांवड़ मार्ग से लेकर प्रमुख शिव मंदिरों तक स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत नेटवर्क तैयार

गोला गोकरणनाथ खीरी। स्मार्ट हलचल|छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकरणनाथ में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक सावन मेले और कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां अंतिम रूप दे दी हैं। हर वर्ष सावन माह में गोला गोकरणनाथ सहित जिले के विभिन्न शिवालयों में लाखों की संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की इसी भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार चिकित्सा व्यवस्थाओं का विशेष खाका तैयार किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया गया है। सावन मेले के दौरान चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी एवं संचालन की जिम्मेदारी सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक सिंह को सौंपी गई है। वहीं डॉ. प्रमोद वर्मा को नोडल अधिकारी तथा डॉ. प्रमोद रावत को सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है। दोनों अधिकारी मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी करेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित निर्णय सुनिश्चित करेंगे।

मेला परिसर में स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की रोस्टरवार 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। शिविरों में प्राथमिक उपचार से लेकर आपातकालीन चिकित्सा तक की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। विभाग ने जीवनरक्षक दवाओं, ओआरएस पैकेट, दर्द निवारक दवाओं, बैंडेज, इंजेक्शन, ग्लूकोज, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गर्मी, थकान, डिहाइड्रेशन, भीड़ में बेहोशी, दुर्घटना अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सिर्फ मेला परिसर ही नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर भी स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। ऐरा पुल, सिलौटा चौराहा, एलआरपी चौराहा, फरधान, लीलेटीनाथ मंदिर, शारदानगर, संसारपुर, बिजुआ, गोमती मोड़ तिराहा (मोहम्मदी रोड), वास्ता चौराहा, टेड़ेनाथ मंदिर, नकहा और खमरिया सहित प्रमुख स्थानों पर रोस्टर के अनुसार 24 घंटे स्वास्थ्य टीमें और एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
इन स्थानों पर डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य कर्मी हर समय उपलब्ध रहेंगे, ताकि यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल इलाज मिल सके।

गोला गोकरणनाथ मंदिर परिसर, रिलायंस पेट्रोल पंप चेक पोस्ट तथा कंजा चेक पोस्ट पर भी डॉक्टरों, आयुष फार्मासिस्टों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। इन स्थानों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन चिकित्सा सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 108 एंबुलेंस की विशेष तैनाती की है। गोला गोकरणनाथ के नीलकंठ मैदान, रिलायंस पेट्रोल पंप और कंजा चौक पर प्रत्येक सावन सोमवार एवं प्रमुख पर्वों पर एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा लखीमपुर के लीलेटीनाथ मंदिर, मोहम्मदी के टेड़ेनाथ शिव मंदिर, देउकली मंदिर, सिरैया चौराहा, एलआरपी और शारदानगर में भी 108 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, जिससे किसी भी गंभीर मरीज को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, भीड़ में धैर्य बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर या एंबुलेंस कर्मियों से तुरंत संपर्क करें। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि सावन मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इस बार सावन मेले में चिकित्सा व्यवस्थाओं को पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुदृढ़ बनाया गया है, जिससे लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य का बेहतर ढंग से ध्यान रखा जा सके।