अविनाश मीणा |
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बैनपा में देश के वीर सपूत शहीद बिरधि चंद गुर्जर का शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी आयोजन में क्षेत्रवासियों, विद्यालय स्टाफ और शहीद के परिजनों ने उनकी पोस्टर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।कार्यक्रम के दौरान शहीद की वीरांगना श्रीमती मौत्या देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अजमेर से विशेष रूप से पधारे सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर भैरव लाल सोलंकी ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों और ग्रामवासियों को संबोधित किया।
सोलंकी ने शहीद बिरधी चंद गुर्जर की वीरता की दास्तान साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शहीद ने आतंकवादियों से लोहा लेते हुए देश के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी यह गाथा सुनकर सभी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्रामवासियों और विद्यालय स्टाफ ने एक स्वर में मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय विद्यालय का नाम बदलकर “शहीद बिरधी चंद गुर्जर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय” घोषित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस महान देशभक्त से प्रेरणा ले सकें।
इस अवसर पर भूतपूर्व प्रधानाध्यापक राधाकृष्ण मीना सहित कई गणमान्य ग्रामवासी और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बच्चों को हर्षोल्लास के साथ फल वितरित किए गए।
