बी एम राठौर
स्मार्ट हलचल|सांगोद 30 जुलाई को कनवास क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां जेसीबी पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कनवास के लोढ़ाहेड़ा गांव में गुरुवार को जेसीबी से चल रहे काम के दौरान हुआ,काम के बीच अचानक जेसीबी असंतुलित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि जेसीबी के पास बैठे प्रेमशंकर मेहता उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और जेसीबी चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से कनवास अस्पताल पहुंचाया। चालक के पैर में गंभीर चोट आई है और पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल उसका उपचार जारी है। धूलेट चौकी के कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि लोढ़ाहेड़ा निवासी प्रेमशंकर मेहता काम के दौरान जेसीबी के पास आकर बैठा था। तभी अचानक जेसीबी पलट गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि आखिर जेसीबी पलटने की वजह क्या रही। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में भी चिंता देखी जा रही है।
