टोंक में सर्व समाज का फूटा आक्रोश: गर्भवती महिला पर जानलेवा हमला और मासूम से दरिंदगी के विरोध में सौंपा ज्ञापन, स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग

महेंद्र कुमार सैनी

स्मार्ट हलचल /नगर फोर्ट अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान के तत्वावधान में युवा जिलाध्यक्ष उमेद सिंह चौहान के नेतृत्व में रावणा राजपूत समाज और सर्व समाज के लोगों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी सुमन गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। ज्ञापन में दो अत्यंत दुखद एवं निंदनीय घटनाओं पर समाज में व्याप्त भारी आक्रोश का जिक्र किया गया है। पहली घटना सीकर क्षेत्र के सरवड़ी गांव की है जहां एक 6 माह की गर्भवती महिला पर पड़ोसी व्यक्ति द्वारा चाकूबाजी कर गला रेतकर जानलेवा हमला किया गया, वहीं दूसरी जघन्य घटना मकराना परबतसर के सेंट कॉन्वेंट स्कूल में घटित हुई जहां 3 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि दोनों घटनाओं के दोषियों के खिलाफ शीघ्र अति शीघ्र सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, घटना में शामिल मकराना के सेंट कॉन्वेंट स्कूल की मान्यता को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा एवं न्याय प्रदान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो समस्त समाज को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान रावणा राजपूत समाज युवा जिला अध्यक्ष उम्मेद सिंह चौहान, उनियारा शहर अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, अक्षराज सिंह पवार, नरेंद्र सिंह हाडा, विक्रम सिंह पवार, शैलेंद्र सिंह, शेर सिंह, युवा भाजपा नेता पिंटू साहू, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, पूर्व एसएचओ बाबू सिंह भाटी, रविराज सिंह, राधेश्याम खारोल, शिवराज सिंह, पदम सिंह सहित सर्व समाज के कई लोग उपस्थित थे।