तेज रफ्तार का कहर:भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत,केबिन में फंसे चालक की मौके पर मौत

मंगरोप@मुकेश खटीक।भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे संगम स्कूल के समीप कानोली चौराहे के पास दो ट्रेलरों के बीच भीषण टक्कर हो गई।हादसा इतना भयावह था कि पीछे से टकराए ट्रेलर की केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।दुर्घटना मंगरोप और पुर थाना बॉर्डर पर घटित हुई है जानकारी के अनुसार,जोधपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर हाईवे पर आगे चल रहा था।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर की केबिन आगे चल रहे ट्रेलर में बुरी तरह घुस गई और चालक बाहर निकल ही नहीं सका।हादसे के समय ट्रेलर में चालक अकेला था।दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इसी दौरान वहां से गुजर रहे फागणा का खेड़ा निवासी दिनेश गुर्जर ने तुरंत पुर थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी।सूचना मिलते ही पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई।पुलिस की मौजूदगी में ट्रेलर को हटाने और शव निकालने की कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल मृत चालक की शिनाख्त एवं हादसे के अन्य कारणों की जांच की जा रही है।प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और पीछे से हुई जोरदार टक्कर माना जा रहा है।हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।