केदारा गांव में माताजी को पुआ-पुड़ी का भोगः अच्छी बारिश और फसलों की सुरक्षा के लिए की कामना

अविनाश मीणा

घाड़ (देवली), स्मार्ट हलचल।टोंक केदारा गांव के ग्रामीणों ने अच्छी बारिश और फसलों की सुरक्षा की कामना के साथ केदारा पहाड़ पर स्थित माताजी को पारंपरिक भोग लगाया। यह वार्षिक अनुष्ठान गांव की वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसे हर साल सभी ग्रामीणों के सहयोग से निभाया जाता है। गांव के पंचों के नेतृत्व में ग्रामीणों ने घर-घर से भोग के लिए आवश्यक सामग्री जुटाई। इसके बाद सभी के सहयोग से माताजी के लिए विशेष रूप से पुआ, पुड़ी और दाल का भोग तैयार किया गया। ग्रामीणों का अटूट विश्वास है कि बरसात के दिनों में पहाड़ पर विराजमान माताजी को भोग अर्पित करने से क्षेत्र में अच्छी बारिश होती है और किसानों की फसलें विभिन्न प्रकार के रोगों से सुरक्षित रहती हैं। भोग लगाने के लिए गांव के कई लोग पहाड़ पर चढ़े और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक आयोजन में पप्पू लाल, रमेश मीणा, दिनेश मैराला, भैरु लाल, दिनेश, मुकेश, धर्मराज, दिलीप, राहुल, प्रवीण, भेरुलाल, सोनू और रणजीत सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद माताजी को भोग अर्पित किया गया और वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।