अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश, पुलिसकर्मियों को इंटर सर्किल टूर्नामेंट कराने के दिए सुझाव
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. रवि सभरवाल ने शुक्रवार को ब्यावर जिले का विस्तृत दौरा किया। ब्यावर आगमन पर रिजर्व पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात आईजी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं और परिवहन शाखा का गहन निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की और आवश्यक संसाधन जल्द मुहैया कराने का भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान जवानों और पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए आईजी डॉ. रवि सभरवाल ने कहा कि पुलिसकर्मियों में आपसी भाईचारे और टीम वर्क की भावना को मजबूत करने के लिए इंटर सर्किल टूर्नामेंट आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने सभी जवानों को अनुशासित, व्यावहारिक और सहयोगात्मक कार्यशैली अपनाने के साथ-साथ आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार कर पुलिस की सकारात्मक छवि बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए भी प्रेरित किया।
अपराध समीक्षा बैठक और अभिलेखों का अवलोकन
इसके बाद आईजी ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा कर शाखाओं के अभिलेखों की जांच की। सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में ब्यावर जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों (COs) को लंबित मामलों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा मालखाना प्रबंधन को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मौजूद अधिकारी:
निरीक्षण और बैठक के दौरान ब्यावर पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना, जैतारण वृत्ताधिकारी रमेन्द्र सिंह हाड़ा, रायपुर वृत्ताधिकारी बंशीलाल पाण्डर, मसूदा वृत्ताधिकारी शिवराज सिंह तथा प्रोबेशनर आरपीएस जयपाल सिंह व अनिल उपस्थित रहे।
