सेंदरिया पुलिया पर नाकाबंदी में दबोचे दो तस्कर, 42.200 किलो अवैध डोडा पोस्त और कार जब्त

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशों पर अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) और ब्यावर सदर थाना पुलिस ने सेंदरिया पुलिया के पास बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर 42.200 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया और दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी (ब्यावर शहर) राजेश कसाना के सुपरविजन में अंजाम दी गई। 30 जुलाई को DST को गुप्त सूचना मिली थी कि विजयनगर की तरफ से आ रही कार में अवैध मादक पदार्थ भरा है। सूचना पर त्वरित नाकाबंदी कर विजयनगर की तरफ से आती संदिग्ध कार को घेराबंदी कर रोका गया। इस दौरान तस्करों ने कार छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी:

रामपाल (21 वर्ष) पुत्र भंवरलाल, निवासी नादीया कलां, थाना खेड़ापा (जोधपुर)

मुलाराम (21 वर्ष) पुत्र भगाराम, निवासी नादीया खुर्द, थाना खेड़ापा (जोधपुर)

पुलिस टीम की भूमिका:
कार्रवाई में सदर थानाधिकारी गजराज चौधरी और DST प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एसआई अरविन्द्र कुमार, एएसआई रामजस व जितेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भवानी सिंह तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र, मांगीलाल, सुखपाल, हरेन्द्र और धर्माराम शामिल रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है।