(किशन वैष्णव)
शाहपुरा@स्मार्ट हलचल|सावन माह की पावन बेला में खामोर गांव के युवाओं की पांचवीं पैदल कावड़ यात्रा शनिवार को परशुराम महादेव से खामोर के लिए रवाना हुई। शिवभक्त बिना विश्राम किए दिन-रात पैदल चलते हुए पवित्र जल लेकर गांव पहुंचेंगे,जहां भगवान शिव का सहस्त्रधारा अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।ग्रामीण शिवशक्ति दिनेश साहू एवं राजू तेली ने बताया कि खामोर के युवा विगत पांच वर्षों से देश एवं प्रदेश के विभिन्न प्रसिद्ध शिवालयों से पैदल कावड़ यात्रा लेकर खामोर पहुंचते हैं। प्रत्येक वर्ष गांव के अलग-अलग मंदिर में भगवान शिव का सहस्त्रधारा अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है।उन्होंने बताया कि पहली कावड़ यात्रा त्रिवेणी संगम,दूसरी पुष्कर,तीसरी तिलस्वा महादेव तथा चौथी उज्जैन से पैदल खामोर लाई गई थी। इस वर्ष पांचवीं कावड़ यात्रा परशुराम महादेव करीब 230 किमी दूर से प्रारंभ हुई है।
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को श्रावण मास का पहला सोमवार होने के कारण उसी दिन कावड़ यात्री खामोर पहुंचेंगे। गांव में श्रद्धालुओं के स्वागत के बाद भगवान शिव का सहस्त्रधारा अभिषेक,जलाभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। सावन के प्रथम सोमवार पर आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों और शिवभक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है।
