‘हरे कृष्ण’ के महामंत्र से गूंजा दीप स्मृति ऑडिटोरियम, अनुराधा पौडवाल ने सुरों से रच दिया भक्तिमय माहौल
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर -स्मार्ट हलचल|गुलाबी नगरी शनिवार को श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आई, जब सुप्रसिद्ध भजन गायिका एवं पद्मश्री सम्मानित अनुराधा पौडवाल ने अपने मधुर कृष्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गुप्त वृन्दावन धाम की ओर से मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य लाइव भजन संध्या में हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखा।
कार्यक्रम की शुरुआत जैसे ही अनुराधा पौडवाल ने “हरे कृष्ण, हरे राम” महामंत्र के उच्चारण से की, पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालु तालियों की गूंज, हरिनाम संकीर्तन और कृष्ण भक्ति में झूम उठे। उनके द्वारा प्रस्तुत एक से बढ़कर एक कृष्ण भजनों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा ऑडिटोरियम देर तक जय श्रीकृष्ण और हरे कृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा।
करीब चार दशक से भारतीय संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एवं पद्मश्री अनुराधा पौडवाल ने अपनी सुरीली प्रस्तुति से यह संदेश दिया कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि ईश्वर से जुड़ने का सशक्त मार्ग भी है। उनकी भावपूर्ण गायकी ने हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई।
इस अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने कहा कि निर्माणाधीन गुप्त वृन्दावन धाम केवल मंदिर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह श्रीकृष्ण भक्ति, हरिनाम संकीर्तन, गौसेवा, प्रसाद वितरण, वैदिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनेगा। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन, आध्यात्मिक मार्गदर्शन, प्रसाद और सांस्कृतिक गतिविधियों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। परिवारों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भजन संध्या में भाग लिया। आयोजन के अंत तक पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और संगीत की दिव्यता से सराबोर रहा, जिससे यह संध्या जयपुर के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में एक यादगार अध्याय बन गई।
