जवाजा के रावतमाल में देवनारायण मंदिर पर गिरी बिजली, जनहानि टली; राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत

अनिल कुमार

ब्यावर/जवाजा।स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति क्षेत्र के रावतमाल गांव में रविवार सुबह मौसम के अचानक मिजाज बदलने से एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 9:30 बजे तेज गर्जना और कड़क के साथ गांव के आस्था केंद्र श्री देवनारायण मंदिर पर आकाशीय बिजली आ गिरी।
धमाका इतना प्रचंड था कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और कुछ क्षणों के लिए चारों तरफ अंधेरा सा छा गया। लोग दहशत में आकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त, मोर की मौत
बिजली गिरने से मंदिर के ऊपरी हिस्से का पक्का गुंबद बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मंदिर के अन्य हिस्सों में गहरी दरारें आ गईं। इस भीषण घटना के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद राष्ट्रीय पक्षी मोर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, धमाके के असर से आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
“कुलदेवता ने सह लिया संकट”
स्थानीय निवासी प्रकाश सिंह ने बताया कि गांव के इतिहास में पहली बार ऐसा भयावह दृश्य देखने को मिला है। हालांकि, इतने बड़े धमाके के बावजूद गांव में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और एक बड़ी जनहानि होने से टल गई।
गांव के लोगों की श्री देवनारायण भगवान में गहरी निष्ठा है। ग्रामीणों का कहना है कि भगवान ने पूरे क्षेत्र पर आई इस प्राकृतिक आपदा को स्वयं अपने ऊपर झेल लिया, जिससे सभी ग्रामीण सुरक्षित बच गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और सुरक्षित रहने पर भगवान का आभार व्यक्त किया।
प्रशासनिक सर्वे और मरम्मत की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन राष्ट्रीय पक्षी की मौत और मंदिर तथा घरों को हुए नुकसान पर दुख भी जताया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मौके का तुरंत प्रशासनिक सर्वे कराया जाए और क्षतिग्रस्त देवनारायण मंदिर की मरम्मत के लिए उचित सहयोग दिया जाए।