भीलवाड़ा । शहर की विश्वकर्मा नगर-2 कॉलोनी में सोमवार रात हुई बारिश के दोहरान स्थानिया लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बदहाल सड़कें, स्ट्रीट लाइटों का अभाव और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से परेशान कॉलोनीवासियों ने बारिश में ही सड़क पर उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कॉलोनी में लंबे समय से सड़कें टूटी हुई हैं। बारिश होते ही सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के कारण रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और चोरी की घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
इसके अलावा नियमित पेयजल व्यवस्था नहीं होने से भी कॉलोनीवासी लंबे समय से परेशान हैं। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उनका जीवन कठिन हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है।
बारिश के बीच हुए इस अनोखे प्रदर्शन ने राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइटें लगाने और पेयजल व्यवस्था सुचारु करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे और बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
