सुरेश चंद्र मेघवंशी
मोड़ का निंबाहेड़ा। आसींद क्षेत्र के जेतपुरा ग्राम से जबरकिया जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने और डामर पूरी तरह उखड़ जाने से राहगीरों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। कई राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
यह मार्ग प्रसिद्ध बंक्यारानी माताजी शक्तिपीठ तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। प्रत्येक शनिवार और रविवार को हजारों श्रद्धालु, पदयात्री एवं वाहन चालक इसी मार्ग से दर्शन के लिए गुजरते हैं। इसके अलावा बड़े वाहनों का भी लगातार आवागमन रहता है, जिससे सड़क की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल सड़क का पुनर्निर्माण एवं गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
