3rd ग्रेड शिक्षकों के तबादले शुरू करने की मांग को लेकर बेगू में प्रदर्शन

संघर्ष समिति ने एसडीएम कार्यालय का किया घेराव, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

बेगू, स्मार्ट हलचल। तृतीय श्रेणी शिक्षक संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर 3rd ग्रेड शिक्षकों के लंबे समय से लंबित स्थानांतरण शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार को बेगू में शिक्षकों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

समिति के प्रतिनिधि देवेंद्र शर्मा ने बताया कि तृतीय वेतन श्रृंखला के अध्यापकों के स्थानांतरण लंबे समय से लंबित हैं, जिससे शिक्षकों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से अविलंब स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने आगामी 5 अगस्त को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर प्रदीप चौधरी, प्रताप सिंह हाड़ा, डूंगर चौधरी, सी.एस. शर्मा, फूलाराम, राकेश नागर, सुमनप्रकाश, कमल चौधरी, दिलखुश, मुकेश मीणा, श्रीराम मीणा, रामराज गुर्जर, विकास जांगिड़, अशोक मीणा, मनीष मीणा, मीठालाल वर्मा, दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।