अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक
स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत चंदवाड़ से आकोड़िया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में है। सड़क पर गहरे गड्डे, कीचड़ और जलभराव के कारण आमजन, किसान और स्कूली छात्रों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है, जिससे आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।सड़क के बीचों-बीच पानी और कीचड़ जमा रहने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इन गहरे गड्डों में अक्सर किसानों के वाहन फंस जाते हैं। हाल ही में धान से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई थी, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से निकालना पड़ा।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंदवाड़ का मुख्य मार्ग भी यही है। छोटे बच्चों और विद्यार्थियों को प्रतिदिन इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल आना-जाना पड़ता है, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
किसानों को अपनी फसल और कृषि कार्यों के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है। हालांकि, गड्डों और कीचड़ के कारण उनके ट्रैक्टर और अन्य कृषि वाहन अक्सर फंस जाते हैं, जिससे उनकी आवाजाही बुरी तरह प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस गंभीर समस्या के बारे में पंचायत प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों में प्रशासन की इस उदासीनता के प्रति गहरा आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मजीत मीणा, दुर्गा शंकर योगी, हरिराम मीणा, सियाराम जाट (आकोड़िया), हरिराम मीणा (चंदवाड़) सहित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंदवाड़ के समस्त स्टाफ और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मुख्य मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की है।
