डॉ. अल्का गुर्जर ने राज्यसभा में उठाई भगवान देवनारायण जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी व सवाई भोज मंदिर क्षेत्र को हेरिटेज कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की मांग

दिनेश साहू आसींद

आसींद । स्मार्ट हलचल|संसद भवन में शून्यकाल के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. अल्का गुर्जर ने आसींद क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास को लेकर पहली बार अपना पक्ष रखते हुए केंद्र सरकार के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग प्रस्तुत की। डॉ. अल्का गुर्जर ने अपने वक्तव्य में कहा कि भगवान श्री देवनारायण जी की पावन जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी से भगवान श्री सवाई भोज मंदिर तक एक भव्य हेरिटेज कॉरिडोर विकसित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने भगवान श्री सवाई भोज के ऐतिहासिक प्रेमसागर तालाब को अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के पवित्र सरोवर की तर्ज पर विकसित करने की बात रखी।

सांसद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों के मध्य फोर लेन सड़क संपर्क विकसित किया जाए। दोनों स्थानों पर राष्ट्रीय स्तर के पैनोरमा, डिजिटल संग्रहालय एवं ओपन एयर थिएटर की स्थापना की जाए।

इन सभी विकास कार्यों के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस महत्वाकांक्षी पहल से क्षेत्र में धार्मिक एवं ग्रामीण पर्यटन को अभूतपूर्व गति मिलेगी। साथ ही सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होगा, स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पूरे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी।