मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र में अवैध खनन एवं बजरी के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मांडलगढ़ थाना पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने एनएच 758ए सरहद होडा पर नाकाबंदी के दौरान अवैध बजरी से भरे 2 टीपरों को जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टीपर चालक को मौके पर ही धर दबोचा, जबकि दूसरा चालक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग निकला।
तड़के 2 बजे नाकाबंदी के दौरान हत्थे चढ़े बजरी माफिया
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) के आदेशानुसार जिले में अवैध बजरी परिवहन व खनन की रोकथाम हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य के निर्देशन एवं वृताधिकारी (CO) मांडलगढ़ योगेश शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी राजकुमार नायक (पु.नि.) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
सोमवार तड़के लगभग 2:05 बजे हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार मय जाप्ता एनएच 758ए सरहद होडा पर गश्त व चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान त्रिवेणी की तरफ से दो बजरी भरे टीपर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रुकवाया।
कार्रवाई का विवरण एवं जप्त वाहन:
- प्रथम वाहन: सफेद रंग का टाटा टीपर (RJ 09 GE 0921), जो बजरी से भरा था। चालक नारायण लाल गुर्जर (32 वर्ष, निवासी बिलोड) कोई परमिट या रवन्ना पेश नहीं कर सका। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जप्त किया गया।
- द्वितीय वाहन: टीपर (RJ 09 GD 6795), जो बजरी से भरा हुआ था। इसका चालक पुलिस को देखकर अंधेरे में खेतों की तरफ भाग छूटा।
बीएनएस व एमएमडीआर एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों टीपरों को BNS की धारा 303(2), 112(2) तथा 4/21 MMDR Act के तहत जप्त कर लिया है। घटना के संबंध में मांडलगढ़ थाने में प्रकरण संख्या 197/2026 दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: थानाधिकारी राजकुमार नायक, हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार (1804), कांस्टेबल मूलचन्द (1330) एवं कांस्टेबल गोपाल लाल (1530)।
