अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी बुधवार, 5 अगस्त को जहाजपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।कार्यक्रम को लेकर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:15 बजे कैबिनेट मंत्री भगतों की झोपड़ियां रोड, बस स्टैंड के समीप डीएमएफटी (DMFT) फंड से लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित खेल स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे जालमपुरा चौराहा स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय छात्रावास (मॉडल स्कूल) भवन का लोकार्पण करेंगे, जिसका निर्माण लगभग 4.61 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि इन विकास कार्यों के लोकार्पण से जहाजपुर क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा बालिका शिक्षा एवं छात्रावास व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
