भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, सावर में 5 अगस्त को धरना-प्रदर्शन

रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|सावर में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार, प्रशासनिक उदासीनता और आमजन की समस्याओं की अनदेखी के विरोध में कांग्रेस 5 अगस्त को सावर में धरना-प्रदर्शन करेगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा के आह्वान पर प्रस्तावित इस आंदोलन को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की है।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद एवं पूर्व पार्षद, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम के निवेदक महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश कांसोटिया ने कहा कि क्षेत्र में आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना जरूरी है।
सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पर सवाल
कांग्रेस ने केकड़ी सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ के रिक्त पदों को लेकर सवाल उठाया है। कांग्रेस का कहना है कि पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रिक्त पद कब तक भरे जाएंगे, इसका जवाब सरकार से मांगा जाएगा।
युवाओं के रोजगार और कौशल प्रशिक्षण का मुद्दा
कांग्रेस ने विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल प्रशिक्षण के लिए सरकार की ठोस योजना क्या है और युवाओं को इसका लाभ कब मिलेगा, इसे भी आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल किया गया है।
अवैध बजरी खनन और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग
खारी नदी सहित क्षेत्र में कथित अवैध बजरी खनन और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग भी कांग्रेस द्वारा उठाई जाएगी। कांग्रेस ने सवाल किया है कि अवैध खनन की शिकायतों पर स्थायी और प्रभावी कार्रवाई कब होगी।
सड़कों की गुणवत्ता और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी सवाल
नई बनने वाली सड़कों के जल्द क्षतिग्रस्त होने की शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। वहीं गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली खराब सड़कों और क्षतिग्रस्त पुलियाओं की मरम्मत को लेकर भी सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा जाएगा।
सफाई, जलभराव और ड्रेनेज व्यवस्था का मुद्दा भी उठेगा
कस्बों में सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति और कचरा निस्तारण की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने नगर निकायों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। बारिश के दौरान प्रमुख सड़कों एवं आबादी क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से राहत के लिए नाला निर्माण और प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था की मांग भी धरना-प्रदर्शन में प्रमुखता से रखी जाएगी।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की मांग
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रहा है। पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश कांसोटिया ने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 5 अगस्त को सावर पहुंचकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना ही सरकार और प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।