जोबनेर में बेटियों ने रचा इतिहास, जैन समाज ने किया भव्य सम्मान

 

– गौरव पारीक

स्मार्ट हलचल|जोबनेर। शिक्षा एवं प्रशासनिक सेवाओं में बेटियों की लगातार बढ़ती उपलब्धियों ने जोबनेर का गौरव बढ़ाया है। राजस्थान जैन सभा शाखा जोबनेर, स्वाध्याय सभा एवं सकल जैन समाज जोबनेर के तत्वावधान में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में कस्बे की प्रतिभाशाली बेटियों का स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उन बेटियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जोबनेर का नाम प्रदेशभर में रोशन किया।समारोह में कृष्णा कंवर (पुत्री श्री उमेद सिंह मनोहर) को जोबनेर की पहली बेटी के रूप में राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) में चयनित होने पर सम्मानित किया गया। वहीं समीक्षा जैन (पुत्री पंडित श्री रमेश जैन) को जैन समाज की पहली बेटी के रूप में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयनित होने पर सम्मान मिला। महिमा जैन (पुत्री श्री राकेश बड़जात्या) को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में चयनित होने तथा ज्योति मौर्य (पुत्री श्री सुमनेश मौर्य) को जोबनेर की पहली बेटी के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होने पर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने सभी प्रतिभाओं एवं उनके अभिभावकों का माल्यार्पण, तिलक, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे और सभी ने बेटियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, प्रशासन, बैंकिंग एवं अन्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। ऐसे सम्मान समारोह प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ नई पीढ़ी की बेटियों को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हैं।समारोह के अंत में महिला शक्ति को नमन करते हुए सभी सम्मानित बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।