डांगा एसएसबी ने 18 बोरी यूरिया पकड़ी, लेकिन सूत्रों का दावा—इसी घाट से हर रात 100 से अधिक बोरी नेपाल भेजी जाती है
तिकुनियां खीरी।स्मार्ट हलचल|भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया खाद की कथित तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय एजेंसियों की निगरानी के बावजूद खाद की अवैध आवाजाही के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। बीते दिनों डांगा स्थित एसएसबी ने नेपाल ले जाई जा रही 18 बोरी यूरिया खाद बरामद कर कार्रवाई की, लेकिन स्थानीय सूत्रों का दावा है कि यह केवल एक छोटी खेप थी।
सूत्रों के अनुसार, जिस घाट पर यह कार्रवाई हुई, उसी रास्ते से प्रतिदिन रात के समय 100 से अधिक बोरी यूरिया खाद नाव के माध्यम से नेपाल भेजी जाती है। बताया जाता है कि दिन में खाद को अलग-अलग स्थानों से लाकर एक जगह इकट्ठा किया जाता है और रात होने पर नाव के जरिए सीमा पार पहुंचाया जाता है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि इस कथित तस्करी में 4 से 5 लोगों का एक समूह सक्रिय है, जो साझेदारी में इस पूरे नेटवर्क को संचालित करता है।
उधर, क्षेत्र के किसानों का कहना है कि खेती के मौसम में उन्हें खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ता है, फिर भी पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं हो पाती। ऐसे में यदि बड़े पैमाने पर खाद की तस्करी हो रही है, तो इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन, कृषि विभाग तथा सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों से मांग की है कि कथित तस्करी के इस नेटवर्क की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके और सरकारी व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बना रहे।
