(चिमु धतरवाल)
बायतु । स्मार्ट हलचल|उप जिला अस्पताल बायतु के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने कचरे का ढेर लगाए जाने से अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में कचरे से उठ रही दुर्गंध और बढ़ते मच्छरों ने स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर एवं आसपास सफाई अभियान चलाकर कचरा तो एकत्रित कर लिया गया, लेकिन उसे समय पर उठाने के बजाय अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने ही छोड़ दिया गया। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी का माहौल बन गया है और स्वच्छता अभियान का उद्देश्य भी प्रभावित होता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान के सामने कचरे का ढेर लगा रहने से संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ रही है। बरसात के कारण कचरे से आने वाली बदबू और मच्छरों के पनपने की सम्भावना से मरीजों, परिजनों तथा अस्पताल आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
लोगों ने संबंधित विभाग एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने पड़े कचरे को तत्काल हटाया जाए तथा नियमित कचरा निस्तारण और साफ-सफाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध हो सके।
जन मांग:
अस्पताल के मुख्य द्वार से कचरा तत्काल हटाया जाए।
नियमित सफाई एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बरसात के मौसम को देखते हुए मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया जाए।
अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं संक्रमण मुक्त रखने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।
