मंत्री खराड़ी ने किया लोकार्पण; विधायक गोपीचंद मीणा के प्रयासों से DMFT फंड से हुआ निर्माण, अब स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|करीब दो दशक से आधुनिक खेल स्टेडियम की राह देख रहे जहाजपुर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का सपना बुधवार को साकार हो गया। भगतों की झोपड़ियां रोड पर बस स्टैंड के समीप करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से तैयार आधुनिक खेल स्टेडियम का जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विधायक एवं भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में लोकार्पण किया।
विधायक मीणा के प्रयासों से डीएमएफटी फंड से तैयार स्टेडियम में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के लिए मैदान एवं ट्रैक विकसित किए गए हैं। खिलाड़ियों के लिए महिला-पुरुष अलग-अलग टॉयलेट, ग्रीन रूम तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दर्शकों के लिए छायादार सीढ़ीनुमा बैठक व्यवस्था और आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार बनाया गया है।
स्टेडियम बनने से जहाजपुर नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों और स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। लंबे समय से खेल सुविधाओं की कमी झेल रहे क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए यह स्टेडियम नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
लोकार्पण समारोह में उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह, तहसीलदार अमितेश मीणा, प्रधान प्रतिनिधि किशोर शर्मा, चेयरमैन नरेश मीणा सहित भाजपा कार्यकर्ता, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
एक नजर में नया स्टेडियम
₹3 करोड़ — स्टेडियम निर्माण की अनुमानित लागत
20 साल — क्षेत्रवासियों की पुरानी मांग हुई पूरी
4 प्रमुख खेल — बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो और क्रिकेट की सुविधा
खिलाड़ियों के लिए — ग्रीन रूम व महिला-पुरुष अलग टॉयलेट
दर्शकों के लिए — छायादार सीढ़ीनुमा बैठक व्यवस्था
फायदा — जहाजपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
