पंकज पोरवाल
मासिक बैठक में आगामी सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की बनाई रूपरेखा, विजेता प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|अग्रवाल महिला मंडल द्वारा आयोजित फ्रेंडशिप डे समारोह में उत्साह और अपनत्व का अनूठा संगम देखने को मिला। सदस्याओं ने एकरूप वेशभूषा में भाग लेकर एकता, मित्रता और सौहार्द का प्रेरक संदेश दिया, वहीं प्रतियोगिताओं और मासिक बैठक के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया। प्रेम, अपनत्व और उल्लास से सराबोर इस आयोजन में महिलाओं ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेते हुए फ्रेंडशिप डे को यादगार बनाया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित एकरूप वेशभूषा प्रतियोगिता में सीमा नीमोदिया, आशा नीमोदिया, संध्या अग्रवाल एवं वर्षा अग्रवाल ने अपनी आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। अग्रवाल महिला मंडल की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की मासिक बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें आगामी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सदस्याओं ने अपने सुझाव साझा किए तथा सभी प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग का संकल्प लिया। महिला मंडल की अध्यक्ष ऋतु नागौरी एवं सचिव अंजलि हिम्मतरामका ने सभी सदस्याओं का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक जुड़ाव को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला मंडल भविष्य में भी समाजहित एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा। कार्यक्रम में प्रतिभा मानसिंगा, विनीता जैन, सीमा बंसल, ऊषा अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, अंशु बंसल, अनु हिम्मतरामका, प्रियंका, लक्ष्मी, गुड्डी नागौरी सहित बड़ी संख्या में सदस्याएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन आपसी मित्रता, सौहार्द और आगामी आयोजनों को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
