साइबर ठगी करने वाला आरोपी मंडावर पुलिस के हत्थे चढ़ा, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता था वसूली

नीरज मीणा

मंडावर।स्मार्ट हलचल/ दौसा जिला पुलिस के साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंडावर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर युवतियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों से दोस्ती करता था और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर रुपए ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक दौसा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा वृत्ताधिकारी महवा के सुपरविजन में थाना प्रभारी मंडावर के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 अगस्त को ग्राम कोट क्षेत्र से आरोपी आदिल खान को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सिम और मोबाइल नंबरों का उपयोग कर फेसबुक पर काल्पनिक लड़कियों के नाम से आईडी बनाता था। इसके बाद वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर लोगों से मैसेंजर के माध्यम से दोस्ती करता और व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल या वीडियो दिखाकर उनके न्यूड वीडियो तैयार कर लेता था। बाद में इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे वसूलता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल खान पुत्र अमजद खान, निवासी ग्राम कोट, थाना मंडावर, जिला दौसा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इस तरह की वारदातों को कितने लोगों के साथ अंजाम दिया है तथा उसके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सहित मंडावर थाना पुलिस की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से मित्रता करने, वीडियो कॉल करने या निजी जानकारी साझा करने से बचें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को सूचना देवें।