शाहपुरा (भीलवाड़ा), 6 अगस्त।
स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कजोड़िया के तत्वावधान में राठौड़ फार्म हाउस, शाहपुरा में तीन दिवसीय शारीरिक शिक्षक सत्रारंभ वाक्पीठ/संगोष्ठी (सत्र 2026-27) का शुभारंभ हुआ। संगोष्ठी में शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, कुशल नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मंथन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) रामेश्वर प्रसाद जीनगर, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र, सीबीईओ सत्यनारायण कुमावत, विभागीय प्रतिनिधि एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रहड़ के प्रधानाचार्य हेमराज खटीक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान गोपाल गुर्जर, भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी, जितेन्द्र पाराशर, महावीर सैनी तथा जगदीश बैरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, संस्थाप्रधानों एवं शारीरिक शिक्षकों ने सहभागिता की।
संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने बदलते शैक्षणिक परिवेश में शारीरिक शिक्षा की भूमिका, नवाचार आधारित शिक्षण, विद्यालयों में नेतृत्व क्षमता के विकास तथा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास पर विशेष बल दिया। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह तीन दिवसीय वाक्पीठ शारीरिक शिक्षकों को नई ऊर्जा, नवीन दृष्टिकोण और व्यवहारिक अनुभव प्रदान करेगा, जिससे विद्यालयों में शिक्षा एवं खेल संस्कृति को और अधिक मजबूती मिलेगी।
