अस्पताल पर आंदोलन के बीच विधायक मीणा का बड़ा खुलासा—“न पेटा काश्त में जमीन, न बंद होगा पुराना अस्पताल”

अस्पताल पर आंदोलन के बीच विधायक मीणा का बड़ा खुलासा—“न पेटा काश्त में जमीन, न बंद होगा पुराना अस्पताल”

बोले—30 बीघा में बनेगा 150 बेड का उप जिला अस्पताल, मौजूदा अस्पताल की सभी सुविधाएं रहेंगी यथावत; आंदोलन समिति के हर बिंदु का दिया जवाब

अलकेश पारीक

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। उप जिला अस्पताल को लेकर चल रहे विरोध और 11 अगस्त को प्रस्तावित जहाजपुर महाबंद के बीच विधायक गोपीचंद मीणा ने विधायक जन संवाद केंद्र में प्रेस वार्ता कर अस्पताल को लेकर उठ रहे सवालों और आशंकाओं पर स्थिति स्पष्ट की। विधायक ने कहा कि नए अस्पताल की जमीन पेटा काश्त में नहीं है और जहाजपुर नगर में वर्तमान में संचालित अस्पताल भी बंद नहीं होगा।
विधायक मीणा ने बताया कि करीब 30 बीघा भूमि पर 150 बेड का उप जिला अस्पताल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहाजपुर नगर में वर्तमान में संचालित अस्पताल यहीं रहेगा और यहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाएं यथावत जारी रहेंगी।

“यह अस्पताल केवल जहाजपुर नगर का नहीं, पूरे क्षेत्र की जनता का”

विधायक मीणा ने कहा कि उप जिला अस्पताल को केवल जहाजपुर नगर की जरूरतों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। यह पूरे जहाजपुर क्षेत्र की जनता के लिए है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए जहाजपुर आते हैं। 150 बेड का अस्पताल बनने से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

आंदोलन समिति के सभी बिंदुओं पर दिया जवाब

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक मीणा ने अस्पताल बचाओ आंदोलन समिति की ओर से उठाए गए सभी प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने अस्पताल की भूमि, वर्तमान अस्पताल के भविष्य तथा अन्य आशंकाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
विधायक ने नागदी बांध को लेकर उठ रही आशंकाओं पर भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि गंदा पानी नागदी बांध में नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल और आसपास की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए ही कार्य किया जाएगा।
महाबंद से पहले जनता से

अपील—अफवाहों पर ध्यान न दें

विधायक गोपीचंद मीणा ने आमजन से अपील की कि अस्पताल को लेकर अफवाहों और भ्रामक जानकारियों पर ध्यान नहीं दें। उन्होंने कहा कि जहाजपुर में चिकित्सा सुविधाओं को कम नहीं किया जा रहा, बल्कि उनका विस्तार किया जा रहा है। नगर का वर्तमान अस्पताल अपनी सुविधाओं के साथ यथावत रहेगा और 150 बेड का उप जिला अस्पताल पूरे क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा।

11 अगस्त के प्रस्तावित जहाजपुर महाबंद से पहले विधायक मीणा के इस स्पष्टीकरण के बाद अस्पताल को लेकर चल रही बहस अब नए मोड़ पर आ गई है।