जोबनेर। स्मार्ट हलचल।राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को जोबनेर के अंबेडकर भवन सभागार में “आरयूआईडीपी संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रबुद्धजनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों ने भाग लेकर प्रस्तावित परियोजनाओं पर चर्चा की तथा अपने सुझाव दिए।
कार्यक्रम में बताया गया कि आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में लगभग 2.06 करोड़ रुपए की लागत से शहर में विकास कार्य किए जाएंगे। एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से प्रस्तावित इन कार्यों में बाढ़ प्रबंधन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, पर्यटन विकास तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
जोबनेर उपखंड अधिकारी नेहा राठी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना जोबनेर के समग्र शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए नगर पालिका, आरयूआईडीपी और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों से परियोजना के सफल संचालन में सहयोग की अपील की।
आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता रियाज़ अहमद ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना के विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। वहीं परियोजना समन्वयक गौरव गुप्ता ने कहा कि कार्यशाला में प्राप्त सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में शामिल किया जाएगा। उन्होंने एक वृत्तचित्र के माध्यम से आरयूआईडीपी की विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।
खुले सत्र में प्रतिभागियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका आयुक्त हिम्मत सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
