बाघ की झोपड़ियां में अब 12वीं तक पढ़ाई, पटाखे छोड़ मनाया जश्न

उच्च प्राथमिक से उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत हुआ स्कूल; ग्रामीणों ने मिठाई बांटी, बोले- बच्चों को पढ़ाई के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल।बाघ की झोपड़ियां के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को राज्य सरकार ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत कर दिया है। आदेश जारी होने के बाद शुक्रवार को गांव में जश्न का माहौल रहा। ग्रामीणों और युवाओं ने पटाखे छोड़े और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर तक क्रमोन्नत करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्कूल क्रमोन्नत होने से अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए दूसरे गांवों और कस्बों में नहीं जाना पड़ेगा।

रामलाल मीणा (फौजी) ने बताया कि विद्यालय के क्रमोन्नयन पर ग्रामीणों ने जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक के प्रयासों से गांव को शिक्षा के क्षेत्र में यह सौगात मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी शैक्षणिक सत्र से उच्च माध्यमिक कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा।

ग्रामीणों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग का भी आभार जताते हुए विद्यालय में जल्द व्याख्याताओं की नियुक्ति करने और उच्च माध्यमिक स्तर के अनुसार आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान प्रधानाध्यापक नवरत्न दाधीच, सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश गुर्जर, रतीराम मीणा, खान सिंह मीणा, फूलचंद मीणा, वार्ड पंच रतनलाल प्रजापत, शिक्षक जगरूप गुर्जर, विक्रम जांगिड़, सुमेर कुमार, रामदयाल यादव सहित ग्रामीण मौजूद रहे।