डांगरथल स्कूल में 500 विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा का पाठ, साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

(नरेश कुरेडा)

निवाई। स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डांगरथल में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निवाई वृत्ताधिकारी रविप्रकाश शर्मा ने पंचायत सरपंच, ग्रामीणों एवं विद्यालय के करीब 500 बालक-बालिकाओं से संवाद कर महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर जागरूक किया।
वृत्ताधिकारी रविप्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को महिला अपराधों से जुड़े नए कानूनों, पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। वहीं साइबर ठगी की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930 और सिटीजन राजकॉप जैसी सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करें और किसी भी स्थिति में ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी जानकारी साझा नहीं करें। सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से बचने के लिए भी विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
वृत्ताधिकारी ने बालक-बालिकाओं से कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध या परेशानी की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।