‘रन फॉर ब्यावर’ में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन और एकजुटता के संदेश संग मनाया गया स्थापना दिवस

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिले के चतुर्थ स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर जिले की विकास यात्रा, अब तक की उपलब्धियों और मजबूत जनभागीदारी की झलक देखने को मिली।
स्थापना दिवस समारोह के मुख्य आकर्षण ‘रन फॉर ब्यावर’ को विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना और जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर चांग गेट, भारत माता सर्किल और अजमेरी गेट से गुजरते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरी दौड़ के दौरान मार्ग में शहरवासियों का भारी उत्साह और उमंग देखने को मिली।
इस आयोजन में पुलिस बल के जवानों, शारीरिक शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की सक्रिय सहभागिता ने इस दौड़ को एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दे दिया।
‘रन फॉर ब्यावर’ के माध्यम से शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। इसके साथ ही जिले की प्रगति और सर्वांगीण विकास में हर नागरिक की सक्रिय भूमिका और जिम्मेदारी के भाव को रेखांकित किया गया।