क्षेत्रीय विकास आयुक्त ने किया सीएडी बूंदी कार्यालय का निरीक्षण

पुरानी धानमंडी में प्रस्‍तावित नवीन बस स्‍टेण्‍ड की भूमि का किया अवलोकन

बूंदी, 7 अगस्‍त।स्मार्ट हलचल|क्षेत्रीय विकास आयुक्त (संभागीय आयुक्त) अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को सीएडी बूंदी कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास एवं सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति, नहरों के रखरखाव, ड्रेनेज कार्यों तथा किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएडी कॉलोनी का भी भ्रमण किया तथा आवासीय क्वार्टर्स की स्थिति का जायजा लिया। जर्जर भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक रख-रखाव कार्य शीघ्र करवाने के निर्देश दिए, ताकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने, जनहित से जुड़े कार्यों में गति लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन अभिलेखों एवं प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। सीएडी अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित कार्यों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

*प्रस्‍तावित नवीन बस स्‍टेण्‍ड की भूमि का किया अवलोकन*
संभागीय आयुक्‍त ने शुक्रवार को पुरानी धानमंडी में प्रस्‍तावित नवीन बस स्‍टेण्‍ड के लिए चयनित भूमि का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिए। उन्‍होंने निर्देश दिए कि बस स्‍टेण्‍ड के लिए प्रस्‍तावित भूमि के परिसर से अतिक्रमण शीघ्र हटाया जाएं। शेष जमीन में व्‍यावसायिक गतिविधियों को बढावा देने की कार्य योजना बनाकर प्रस्‍ता‍व भिजवाएं जाएं, ताकि भूमि का बेहतर उपयोग हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्‍टर हरफूल सिंह यादव, मंडी सचिव कांति कुमार मीणा, सीएडी के अधिशाषी अभियंता अरविंद मीणा आदि मौजूद रहें।