राकेश मीणा
जयपुर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के सुपर टाइम स्केल में लगातार बढ़ रही रिक्तियों को लेकर RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर ख़राड़ी ने सरकार से पदोन्नति के नियमों में सेवा अवधि संबंधी शिथिलता देने की मांग की है। शुक्रवार को उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि सुपर टाइम स्केल के 178 स्वीकृत पदों में से वर्तमान में केवल 88 अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि 90 पद रिक्त पड़े हैं। इन रिक्तियों के कारण विभागाध्यक्ष स्तर सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद खाली हैं, जिससे शासन-प्रशासन के कामकाज पर असर पड़ रहा है।
महावीर ख़राड़ी ने कहा कि वर्तमान नियमों के अनुसार सुपर टाइम स्केल में पदोन्नति के लिए 18 वर्ष की सेवा अवधि अनिवार्य है। यदि राजस्थान प्रशासनिक सेवा नियमों में उपलब्ध प्रावधान के अनुसार सेवा अवधि में एक-तिहाई तक शिथिलता दी जाती है तो बड़ी संख्या में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जा सकता है।
उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि आगामी वित्तीय वर्ष में सुपर टाइम स्केल के और पद रिक्त होने वाले हैं। यदि समय पर निर्णय नहीं लिया गया तो रिक्त पदों की संख्या 100 से अधिक हो सकती है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
RAS एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि राज्यहित और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पदोन्नति प्रक्रिया में आवश्यक सेवा अवधि की शिथिलता देकर रिक्त पदों को जल्द भरा जाए, ताकि वरिष्ठ स्तर पर अधिकारियों की कमी दूर हो सके।
