देशभर के 300 से अधिक आर्किटेक्ट्स-इंजीनियर्स का महाकुंभ आज से, ‘नेक्संगम कोटा 2026’ का आगाज

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन, एआई, टाउन प्लानिंग और चंबल रिवर फ्रंट पर होंगे विशेष सत्र

कोटा।स्मार्ट हलचल|देश के आर्किटेक्चर, इंजीनियरिंग, इंटीरियर डिज़ाइन एवं भवन निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञों का राष्ट्रीय सम्मेलन ‘नेक्संगम कोटा 2026’ शनिवार से कोटा-बूंदी रोड स्थित तिरुपति रिसोर्ट में शुरू होगा। दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर से 300 से अधिक आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स और इंटीरियर डिज़ाइनर्स भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।
आयोजन समिति के कमलेश शर्मा, आर्किटेक्ट पीयूष लाहोटी, इंजीनियर मनीष जैन, इंजीनियर जे.के. शर्मा और इंटीरियर डिज़ाइनर सौरभ शर्मा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य निर्माण क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता, ज्ञान-विनिमय और सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ावा देना है। दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, मध्यप्रदेश, जयपुर, उदयपुर, बीकानेर, भीलवाड़ा, कुचामन सिटी, श्रीगंगानगर सहित विभिन्न शहरों से विशेषज्ञ कोटा पहुंच चुके हैं।
पहले दिन निर्माण एक्सपो, नॉलेज सेशन और गाला नाइट का आयोजन होगा। आर्किटेक्ट राजीव खन्ना एवं रवीना खन्ना ‘लैंडस्केप एवं डिज़ाइन’, डॉ. अर्चना राठौड़ एवं नरेंद्र सिंह राठौड़ ‘आर्किटेक्चर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ तथा आर्किटेक्ट कपिल सेठिया ‘चंडीगढ़ टाउन प्लानिंग’ विषय पर व्याख्यान देंगे। वहीं आर्किटेक्ट निरुत्तम सिंह राठौड़, राजेश गुप्ता और ब्रजेश मुक्तावत कोटा की स्थापत्य विरासत और विकास यात्रा पर अपने विचार साझा करेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन प्रतिभागियों के लिए चंबल रिवर फ्रंट पर ‘आर्किटेक्चर इंस्पिरेशन वॉक’, हेरिटेज वॉक, लाइव स्केचिंग, अनुभवात्मक भ्रमण तथा कोटा के पारंपरिक व्यंजनों का विशेष आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह लेमन ट्री होटल के ग्रैंड चैंबर में होगा। आयोजकों का कहना है कि ‘नेक्संगम कोटा 2026’ कोटा को शिक्षा नगरी के साथ-साथ देश के उभरते आर्किटेक्चर, इंजीनियरिंग और डिज़ाइन हब के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।