स्वावलंबन के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, महिलाओं को वितरित किए कपड़े के थैले
कोटा। स्मार्ट हलचल|आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में लायंस क्लब कोटा ने महत्वपूर्ण पहल की है। बसंत विहार स्थित लायंस क्लब भवन में क्लब की ओर से तीन माह के नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र एवं ब्यूटीशियन कोर्स का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
लायंस क्लब कोटा के अध्यक्ष लायन रमेश चंद शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति तभी संभव है, जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हों। महिलाओं के हुनर को रोजगार से जोड़ना उन्हें केवल आय का साधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सम्मान को मजबूत करना भी है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की नि:शुल्क बीपी एवं डायबिटीज जांच भी की गई। क्लब के सचिव लायन लक्ष्मीकांत पारीक ने महिलाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता और व्यक्तिगत हाइजीन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराने से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी कार्यक्रम में जागरूकता अभियान चलाया गया। सर्वेश्वर काबरा एवं रमेश शर्मा ने समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी का आह्वान किया। महिलाओं से प्लास्टिक बैग का उपयोग पूरी तरह बंद कर कपड़े के थैलों को अपनाने की अपील की गई। इस दौरान लायंस क्लब की ओर से सभी महिलाओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए तथा प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के बाद लायंस क्लब कोटा की ओर से पार्क में ट्रिगर्ड सहित 21 पौधे लगाए गए। इस दौरान पदाधिकारियों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में लायंस क्लब अध्यक्ष रमेश चंद शर्मा, सचिव लक्ष्मीकांत पारीक, वरिष्ठ सदस्य पवन पारेता, सर्वेश्वर काबरा, प्रमिला पारीक, निर्मला काबरा, मिथिलेश विजय सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
